पिथौरागढ़ | सोर समाचार
जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष कुमार भाटगांई ने शुक्रवार प्रातः कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय संचार वित्त अकादमी, गाज़ियाबाद के प्रशिक्षणरत 13 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर डीएम ने अधिकारियों को जनपद की भौगोलिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक विशेषताओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ प्राकृतिक सौंदर्य और साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाओं से युक्त है। डीएम ने कहा कि सतत विकास और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
भेंट में जिलाधिकारी ने अपने प्रशासनिक अनुभव साझा किए और प्रशिक्षु अधिकारियों को सजग, संवेदनशील और उत्तरदायी प्रशासनिक दृष्टिकोण अपनाने की सलाह दी। उन्होंने इमोशनल इंटेलिजेंस की प्रशासनिक कार्यप्रणाली में भूमिका पर भी अपने विचार साझा किए।
प्रशिक्षु अधिकारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और जनपद प्रशासन की कार्यप्रणाली तथा स्थानीय विकास पहलों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर अधिकारियों ने पिथौरागढ़ प्रशासन के कामकाज, चुनौतियों और विकास योजनाओं पर भी चर्चा की।
भेंट में अधिकारियों और प्रशिक्षुओं के बीच संवाद ने प्रशासनिक अनुभव साझा करने और सीखने का एक सकारात्मक माहौल तैयार किया।

