उत्तराखण्ड | सोर समाचार
पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर शुरू की जांच में नरेंद्र सिंह की हत्या का सनसनीखेज खुलासा किया है। 1 जुलाई को गूलरघाटी नदी से एक अज्ञात शव मिला, जिसकी पहचान लापता नरेंद्र सिंह के रूप में हुई। पुलिस को मामला संदिग्ध लगा, और जांच में जुटी टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन व कॉल डिटेल्स खंगालीं।
प्रारंभिक जांच में शक नरेंद्र की पत्नी हेमलता के प्रेमी गुफरान पर गया। पूछताछ में गुफरान ने कबूला कि उसका हेमलता से अफेयर था, और नरेंद्र अक्सर शराब पीकर पत्नी से मारपीट करता था। दोनों ने मिलकर नरेंद्र को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार 28 जून को गुफरान ने नरेंद्र को शराब के बहाने नदी किनारे बुलाया और शराब में जहरीली दवा मिलाकर उसे बेहोश किया। बाद में पत्थर से वार कर हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया गया। तीन दिन बाद हेमलता ने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई ताकि शक न हो।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

