उत्तराखण्ड | सोर समाचार
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए चिन्हित राज्य आंदोलनकारी समिति के कुमाऊं मंडल अध्यक्ष एवं कर्मचारी नेता दिनेश गुरुरानी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा हिमरत्न गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान चिन्हित राज्य आंदोलनकारी समिति (रजिस्टर्ड) एवं उत्तराखंड राज्य निर्माण सेनानी संगठन के तत्वावधान में प्रदान किया गया।
दिनेश गुरुरानी ने सम्मान के लिए प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह रावत, संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह राज्य गठन के बाद पहले ऐसे कर्मचारी नेता हैं जिन्हें एक ही मुख्यमंत्री के कार्यकाल में एसडीजी गोलकीपर अवॉर्ड, हिमालय मित्र सम्मान, जल दूत सम्मान सहित साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में भी सम्मानित किया जा चुका है। मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें अब तक विभिन्न माध्यमों से पांच बार सम्मान दिया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर वह पौधारोपण अभियान के माध्यम से सरकार का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं, जो राज्य में एक मिसाल बन चुका है। उनका नाम लंबी अवधि तक पौधारोपण अभियान चलाने के लिए इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज है। वर्ष 2005 से चले हिमालय बचाओ अभियान के तहत अब तक तीन लाख से अधिक पौधे रोपे जा चुके हैं।
दिनेश गुरुरानी को मिले सम्मान पर विभिन्न संगठनों व जनप्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई दी है।

