उत्तराखण्ड | सोर समाचार
अवैध खनन के खिलाफ उत्तराखंड सरकार ने अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 स्टोन क्रेशरों को सीज कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर यह कार्रवाई की।
मंगलवार को लक्सर और हरिद्वार क्षेत्र के कई गांवों में छापेमारी के दौरान स्टोन क्रेशरों में अवैध खनन और भंडारण की गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद सभी 14 इकाइयों को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
विभाग ने एमएमडीआर एक्ट 1957 और उत्तराखंड खनिज नियमावली 2021 के तहत कार्रवाई करते हुए इन पर करीब 10 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना लगाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। साथ ही संबंधित इकाइयों का ई-रवन्ना पोर्टल भी अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है।
प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

