शिक्षा व्यवस्था सुधार पर DM सख्त, निजी विद्यालयों को दिए कड़े निर्देश

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

जनपद में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में निजी विद्यालयों के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता, पारदर्शिता और छात्र हितों से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण कुमार पंत एवं जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु नौगाई ने जनपद में संचालित विद्यालयों की स्थिति और शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के प्रावधानों की जानकारी दी। आरटीई के तहत 25 प्रतिशत आरक्षण और प्रतिपूर्ति व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आरटीई के अंतर्गत देय धनराशि पारदर्शिता के साथ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाए। सभी विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक एसोसिएशन (PTA) का गठन अनिवार्य करने के साथ एनसीईआरटी या समकक्ष पाठ्यपुस्तकों के संचालन पर जोर दिया गया।
छात्र सुरक्षा को देखते हुए स्कूल परिसरों और बसों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यालयों द्वारा किसी विशेष स्टेशनरी विक्रेता को निर्धारित न करने के निर्देश भी दिए, ताकि अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक भार न पड़े।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने विद्यालयों की समस्याओं पर त्वरित और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश शिक्षा विभाग को दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *