आज ‘अर्थ आवर’: रात 8:30 से 9:30 तक बुझेंगी गैर-जरूरी लाइटें

पिथौरागढ़|उत्तराखण्ड|सोर समाचार

जनपद पिथौरागढ़ सहित पूरे उत्तराखंड में आज 28 मार्च को ‘अर्थ आवर (Earth Hour)’ मनाया जाएगा। शासन के निर्देशानुसार रात्रि 8:30 बजे से 9:30 बजे तक एक घंटे के लिए गैर-जरूरी विद्युत उपकरणों और लाइटों को बंद रखा जाएगा।
इस अभियान का उद्देश्य ऊर्जा संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों की बचत और पर्यावरण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। ‘अर्थ आवर’ के माध्यम से आमजन को जलवायु परिवर्तन के प्रति सजग करते हुए पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने सभी विभागों, संस्थानों और नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर अनावश्यक बिजली उपयोग बंद कर इस वैश्विक पहल में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
साथ ही संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल हो सकें और ऊर्जा संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *