पिथौरागढ़ | सोर समाचार
काली नदी की स्वच्छता को लेकर जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला गंगा संरक्षण समिति की मासिक बैठक में उन्होंने एसटीपी संचालन, सीवरेज व्यवस्था और अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों की गहन समीक्षा की।
डीएम ने 5.0 एमएलडी और 1.25 एमएलडी क्षमता वाले एसटीपी संयंत्रों के संचालन पर स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी इकाइयां निर्धारित मानकों के अनुरूप सुचारु रूप से चलनी चाहिए। साथ ही यूवी ट्रीटमेंट, एफ्लुएंट गुणवत्ता और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
धारचूला, बेरीनाग, गंगोलीहाट, डीडीहाट और मुनस्यारी में प्रस्तावित व निर्माणाधीन एसटीपी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए नगर निकायों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने काली नदी की जल गुणवत्ता की नियमित जांच, बायो-मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट की सख्त निगरानी, अस्पतालों के निरीक्षण और घाटों की सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। साथ ही डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, वैज्ञानिक निस्तारण और सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

