आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन के लिए व्यास घाटी तैयार, 800 से अधिक धावकों का स्वागत करेगी गूंजी घाटी

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

आगामी 2 नवम्बर को होने वाली “आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन” के लिए व्यास घाटी पूरी तरह तैयार है। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने गूंजी पहुंचकर आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। उन्होंने सभी विभागों को स्थानीय जनता के सहयोग से समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

यह मैराथन समुद्रतल से लगभग 14,000 फीट की ऊंचाई वाले ट्रेकिंग मार्ग पर आयोजित होगी, जिसमें देश-विदेश से 800 से अधिक धावक हिस्सा लेंगे। प्रशासन ने सुरक्षा, स्वास्थ्य और लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतज़ाम किए हैं। भारतीय सेना, आईटीबीपी और पुलिस टीमें प्रतिभागियों की सुरक्षा में तैनात रहेंगी।

संभावित मौसमीय परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल रिलीफ पोस्ट, ऑक्सीजन सिलिंडर और आपात सहायता दल की व्यवस्था की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर यात्रियों की सुविधा को देखते हुए 28 अक्टूबर से 3 नवम्बर तक आदि कैलास यात्रा परमिट अस्थायी रूप से बंद किए गए हैं। अब तक कुल 32,986 परमिट जारी हो चुके हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *