पिथौरागढ़ | सोर समाचार
सीमांत जिले पिथौरागढ़ में आठगांव शिलिंग मेला महोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ हुआ। यह आयोजन 2017 के बाद पहली बार आयोजित किया जा रहा है, जिसने पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना दिया।
आयोजक मंडल आठगांव शिलिंग ग्रामोत्थान समिति एवं मूनाकोट बिण के प्रमुख आइजक समिति के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की शानदार व्यवस्था की। शुभारंभ अवसर पर पिथौरागढ़ के विधायक मयूख महर, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का प्रारंभ भव्य कलश यात्रा से हुआ।
संयोजक वीरेंद्र वल्दिया ने बताया कि आठगांव शिलिंग क्षेत्र प्रदेश के स्टार कलाकारों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है और उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से मेले का आनंद लेने की अपील की।
तीन दिवसीय इस महोत्सव के प्रथम दिवस में स्थानीय स्कूलों के बच्चों ने अपनी प्रतिभा दिखाई, जबकि रात्रि सांस्कृतिक कार्यक्रम में डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल और अन्य समाजसेवियों ने उपस्थिति दर्ज की।
इस अवसर पर ललित मोहन जोशी, खुशी जोशी, गोविंद दिगारी, कैलाश कुमार, नवराज भैसोड़ा सहित कई कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आगामी दिनों में स्थानीय लोक कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों से आयोजन में चार चांद लगाएंगे।
मेले के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे स्थानीय युवाओं और बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

