पिथौरागढ़ | सोर समाचार
‘आदलि कुशलि’ कुमाऊंनी मासिक पत्रिका के तत्वावधान में चिमस्यानौला स्थित जोरको रेस्टोरेंट में एक विचारगोष्ठी एवं काव्यगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार दिनेश भट्ट ने की जबकि संचालन अनीता जोशी ने किया। विचार गोष्ठी का विषय ‘कुमाउंमा दीपोत्सव पैंलि और आज’ रहा, जिसमें वक्ताओं ने दीपावली पर्व के बदलते स्वरूप और वर्तमान में बढ़ते बाजारवाद पर गहन चिंता व्यक्त की। साहित्यकारों ने कहा कि पहले दीपोत्सव सामाजिक और सांस्कृतिक जुड़ाव का प्रतीक था, लेकिन अब त्यौहारों में आतिशबाजी, प्रदूषण और अनावश्यक खर्च हावी हो गए हैं जिससे परंपराएं धीरे-धीरे लुप्त हो रही हैं। इसके बाद आयोजित काव्यगोष्ठी में अनीता जोशी अनु, दिनेश पंत, डॉ. आनंदी जोशी, लक्ष्मी आर्या, डॉ. नीरज चंद्र जोशी, महेश बराल, चिंतामणि जोशी, जीवन कापड़ी, रचना शर्मा, मुन्नी पांडेय, तनुज भट्ट और पवन ज्याला सहित कई कवियों ने अपनी प्रभावशाली कविताओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का समापन आयोजक डॉ. सरस्वती कोहली के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। आयोजन में होशियार सिंह ज्याला और बलवंत कुमार का विशेष सहयोग रहा।

