सोर समाचार , पिथौरागढ़ :- सीमांत के लिए यह गर्व का क्षण है—भारतीय एथलीट महिला बॉक्सिंग टीम के पूर्व मुख्य प्रशिक्षक भाष्कर भट्ट को प्रतिष्ठित “मिल्खा सिंह अवॉर्ड” से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें प्रयागराज की साहित्यिक और सामाजिक संस्था ‘गुफ्तगू’ द्वारा आगामी 18 मई 2025 को प्रदान किया जाएगा।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. इम्तियाज़ अहमद ने औपचारिक पत्र भेजकर श्री भट्ट को समारोह में आमंत्रित किया है। इस अवॉर्ड के लिए देशभर से खेल क्षेत्र में योगदान देने वाले चार खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जिनमें भाष्कर भट्ट प्रमुख नाम हैं।
इस सम्मान की खबर जैसे ही पिथौरागढ़ पहुंची, जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। हरि सिंह थापा बॉक्सिंग संस्था के अध्यक्ष कमल पुनेड़ा, सचिव अजय राठौर समेत दर्जनों खेलप्रेमियों ने श्री भट्ट को बधाई दी।
महिला शक्ति भी पीछे नहीं रही— सुनीता मेहता, विनीता नेगी, कमला बिष्ट और महिमा विश्वकर्मा जैसी खिलाड़ियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इसे जिले की बड़ी उपलब्धि बताया और इसे आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बताया।
भाष्कर भट्ट ने अपनी कोचिंग से कई महिला बॉक्सरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया है। उनका यह सम्मान न केवल उनके कार्य का मूल्यांकन है, बल्कि पिथौरागढ़ जैसे सीमांत जिले की खेल प्रतिभा को भी राष्ट्रीय मान्यता दिलाता है।

