सोर समाचार , धारचूला : धारचूला पहुंचने पर काबीना मंत्री सौरभ बहुगुणा का भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस आत्मीय स्वागत के लिए प्रतिनिधि ने भाजपा कार्यकर्ताओं का हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया और कहा कि यहां आकर और आप सभी से मिलकर उन्हें अत्यंत खुशी और गर्व की अनुभूति हुई।
इस दौरे के दौरान धारचूला स्थित म्यूजियम का अवलोकन भी किया गया, जिसे एक अत्यंत समृद्ध और ज्ञानवर्धक अनुभव बताया गया। उन्होंने कहा कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर और इतिहास को जानना न केवल हमें हमारी जड़ों से जोड़ता है, बल्कि यह हमारे भविष्य की दिशा को भी स्पष्ट करता है।


इसके अतिरिक्त, उन्होंने स्थानीय मत्स्य पालन केंद्र का दौरा कर वहां के मत्स्य उत्पादन की वर्तमान स्थिति, लाभ और चुनौतियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि पहाड़ी क्षेत्रों में मत्स्य पालन को आत्मनिर्भर आजीविका का एक सशक्त और स्थायी साधन बनाया जाए।
यह प्रयास खासकर यहां के युवाओं और महिला समूहों के लिए एक नई आर्थिक ताकत बन रहा है। मत्स्य पालन अब केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने वाला एक सशक्त माध्यम बनता जा रहा है।