पिथौरागढ़ | सोर समाचार
राज्य आंदोलनकारी दिनेश गुरु रानी का अनूठा पौधारोपण अभियान बुधवार को 449वें दिन भी लगातार जारी रहा। पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड की भावना को जीवंत रखते हुए उन्होंने आज अपने स्वर्गीय पिताजी तारा दत्त गुरु रानी की स्मृति में पिथौरागढ़ के शहीद स्मारक स्थल परिसर में “धरती मां के नाम – स्मृति पौध” लगाया।
इस अवसर पर गुरु रानी ने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि यह स्थल उनके लिए भावनात्मक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि शहीद स्मारक में उन्हीं की देखरेख में एक सुंदर वाटिका तैयार की गई थी, जिसमें वर्षों से पौधारोपण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनका पौधारोपण अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा, और यह पहल लोगों में प्रकृति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना जागृत करने का कार्य कर रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि उनके अभियान से प्रेरित होकर कई लोग भी अपने-अपने क्षेत्रों में पौधे लगाने के लिए आगे आ रहे हैं, जिससे समाज में हरियाली बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक माहौल बन रहा है।

