पिथौरागढ़ | सोर समाचार
जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष भटगांई ने शनिवार को तहसील बेरीनाग का औचक निरीक्षण किया, जहाँ कार्यालयी अव्यवस्था और अभिलेखों की खराब स्थिति देखकर उन्होंने कड़ा असंतोष जताया। सेवा पुस्तिकाओं, जीपीएफ पासबुक, पत्रावलियों और मानचित्रों की जांच के दौरान डीएम ने कहा कि प्रशासनिक लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी फाइलें सुव्यवस्थित हों, अलमारियों पर स्पष्ट लेबलिंग की जाए और पुराने अभिलेखों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। प्रत्येक कर्मचारी की टेबल पर नाम पट्टिका लगाना भी अनिवार्य किया गया।
उपजिलाधिकारी को कड़े निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी रजिस्टर, खाता–खतौनी और महत्वपूर्ण दस्तावेज अद्यतन और व्यवस्थित अवस्था में मिलने चाहिए। साथ ही बड़े बकायेदारों की सूची तहसील परिसर में सार्वजनिक रूप से चस्पा करने और वसूली प्राथमिकता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नगर पालिका अध्यक्ष हेमा पंत द्वारा कूड़ा निस्तारण के लिए ट्रेंचिंग ग्राउंड की मांग पर डीएम ने एसडीएम को तुरंत कार्यवाही के निर्देश दिए। नगर में खराब सड़कों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा। जल निगम द्वारा निर्मित खराब टैंक पर संबंधित जेई के विरुद्ध कार्रवाई के आदेश भी जारी किए। नगर पालिका को हाई-टेक शौचालय विकसित करने और सफाई व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए।
नगर में बढ़ते बंदर उपद्रव को देखते हुए डीएम ने वन विभाग को तत्काल पकड़कर स्टेरलाइजेशन अभियान चलाने के सख्त आदेश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। यहाँ चादरों की गंदगी, एक्सपायर अग्निशमन यंत्र और अनुचित रूप से पड़ी डिस्पोजल सामग्री देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। तुरंत सफाई, सामग्री परिवर्तन, उचित निस्तारण और अग्निशमन उपकरणों को अद्यतन करने के निर्देश दिए। डॉक्टरों और नर्सों की उपलब्धता भी मौके पर जांची गई।
बेरीनाग पार्किंग के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने इस्तेमाल हो रही सामग्री पर आपत्ति जताते हुए ग्रामीण निर्माण विभाग को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष हेमा पंत, व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश रावत, प्रधान संगठन अध्यक्ष दीपक उप्रेती, एसडीएम यशवीर सिंह, तहसीलदार व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

