धारचूला में जिलाधिकारी का स्थलीय निरीक्षण, आपदा प्रबंधन पर विशेष जोर

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अलर्ट और जनपद में लगातार हो रही अतिवृष्टि को देखते हुए जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने गुरुवार को आपदा की दृष्टि से अति संवेदनशील विकासखंड धारचूला का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का मौके पर जायज़ा लिया और संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अवरुद्ध मार्गों को शीघ्र खोला जाए, ताकि यातायात सामान्य हो सके।

इस मौके पर जिलाधिकारी ने कैलाश मानसरोवर यात्रा के चौथे दल से भी मुलाकात की और उन्हें आश्वस्त किया कि सड़क मार्ग बहाल होते ही यात्रा दोबारा शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि बीआरओ और जिला प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनका हालचाल जाना और क्षतिग्रस्त क्षेत्रों का भी अवलोकन किया गया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, एसडीएम मनजीत सिंह समेत कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *