पिथौरागढ़ | सोर समाचार
हरेला पर्व के अवसर पर पिथौरागढ़ जनपद में वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में बैठक संपन्न हुई।
प्रभागीय वनाधिकारी आशुतोष सिंह ने बताया कि कुमाऊं मंडल को 2 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य मिला है, जिसमें पिथौरागढ़ का योगदान 10,000 पौधों का होगा, जो यक्षवती नदी के किनारे इको टास्क फोर्स की मदद से लगाए जाएंगे।
इस वर्ष हरेला पर्व की थीम “हरेला का त्योहार मनाओ, धरती माँ का ऋण चुकाओ, एक पेड़ माँ के नाम” रखी गई है। कार्यक्रम एक माह तक चलेगा।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को वृक्षारोपण में भागीदारी सुनिश्चित करने, फोटो-वीडियो रिकॉर्ड रखने और पौधों की GIS टैगिंग के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने पौधों की देखभाल पर विशेष बल दिया।
विभिन्न विभागों, स्कूलों, पंचायतों, एनजीओ, युवाओं, महिला समूहों की सक्रिय भागीदारी के साथ यह अभियान जन आंदोलन का रूप लेगा। फलदार पौधों को प्राथमिकता दी जाएगी और उनके रख-रखाव की ज़िम्मेदारी स्थानीय निकायों को दी जाएगी।
प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जाएगा, जिससे यह अभियान भविष्य में भी प्रेरणास्पद बना रहे।

