पिथौरागढ़ | सोर समाचार
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत न्याय पंचायत दन्तोला में एक दिवसीय विशाल जनसुनवाई एवं सेवा प्रदाय शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष कुमार भटगांई ने की। शिविर का आयोजन राजकीय इंटर कॉलेज पांखू, विकासखंड बेरीनाग में किया गया।
जनसुनवाई में दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जिलाधिकारी ने जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। शिविर के दौरान कुल 105 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 92 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष को शीघ्र कार्यवाही के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति बाधित होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल और स्थायी समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। खराब हैंडपंप, पाइपलाइन और पेयजल योजनाओं की तत्काल मरम्मत कर नियमित आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए।
शिविर में सड़कों व नालियों का निर्माण, फसलों की सुरक्षा, जंगली जानवरों से बचाव, राशन कार्ड, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, बिजली लाइन सुधार, स्मार्ट मीटर, आंगनबाड़ी व पंचायत भवन निर्माण जैसी समस्याएं भी रखी गईं। विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई।
इस अवसर पर लगभग 620 लोगों ने शिविर में सहभागिता की, जबकि विभिन्न विभागीय सेवाओं के माध्यम से कुल 849 लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम में मंत्री, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, मुख्य विकास अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि न्याय पंचायत स्तर पर ऐसे शिविरों से ग्रामीण क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंच रहा है और आगे भी अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

