पिथौरागढ़ | सोर समाचार
कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) के अवसर पर जिला खेल कार्यालय पिथौरागढ़ द्वारा आयोजित अंडर-17 बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब झौलखेत ट्रेनीज के नाम रहा। फाइनल में झौलखेत ट्रेनीज ने देवसिंह ट्रेनीज को पेनाल्टी शूटआउट में 4-1 से पराजित किया।
फाइनल मुकाबले में पहले हाफ तक स्कोर बराबर रहा। देवसिंह की ओर से लक्षित सौन ने 18वें मिनट में गोल किया, जिसका जवाब झौलखेत की ओर से लकी बोरा ने 27वें मिनट में बेहतरीन गोल कर बराबरी पर ला दिया। अंत तक मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद पेनाल्टी शूटआउट में झौलखेत ट्रेनीज विजेता बनी।
प्रतियोगिता में कुल 10 टीमों ने भाग लिया। विजेता व उपविजेता टीमों को जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी द्वारा शहीद स्मारक में ट्रॉफी व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, सीडीओ डॉ. दीपक सैनी, एसडीएम मनजीत सिंह सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

