पिथौरागढ़ | सोर समाचार
आगामी 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस पूरे जनपद में सम्मान और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इसको लेकर गुरुवार को जिला सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने अधिकारियों को तैयारियों के निर्देश दिए।
बैठक में डीएम ने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों व उनके परिजनों को सम्मानित किया जाए। तहसील स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित हों। उन्होंने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल करम सिंह बिष्ट को समय से सूचना प्रसारित करने, शहीद परिवारों के सम्मान की व्यवस्था और कार्यक्रम स्थल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
जिला शिक्षा अधिकारी को स्कूलों में प्रभातफेरी, निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिताएं, तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के निर्देश दिए गए। नगरपालिका को शहर में सफाई अभियान, स्मारकों की साफ-सफाई, माइक और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। उद्यान अधिकारी को फूल मालाओं की व्यवस्था करने को कहा गया।
कार्यक्रम में बैंड धुन के साथ मार्चपास्ट, गार्ड ऑफ ऑनर, वीर नारियों और बच्चों का सम्मान, और ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित प्रस्तुतियाँ भी होंगी।
बैठक में सैनिकों की शिकायतों के शीघ्र निस्तारण, हाट कालिका मंदिर प्रचार, और पूर्व सैनिकों के आश्रितों का डेटाबेस तैयार करने जैसे सुझाव भी शामिल रहे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह सहित कई विभागीय अधिकारी और सैनिक संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।

