पिथौरागढ़ | सोर समाचार
बेरीनाग के खितोली गांव में चल रही 10 दिवसीय श्रीमद देवी भागवत कथा में आज सप्तम दिवस पर भक्तिमय माहौल देखने को मिला। प्रातः पूजा-अर्चना के बाद पिथौरागढ़ से पधारे आचार्य श्री किशोर जोशी जी ने भगवान शंकर, मां भगवती, भक्ति, ज्ञान और वैराग्य से जुड़ी पौराणिक कथाएं सुनाईं।
आचार्य जोशी की मनोरंजक शैली और भावपूर्ण भजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। बीच-बीच में गाए गए भक्ति गीतों और मनमोहक नृत्य प्रस्तुति ने पूरे पंडाल को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कथावाचक ने बताया कि चाहे अवतार कोई भी हो, उसका उद्देश्य केवल धर्म की स्थापना होता है। कथा श्रवण के लिए खितोली ग्राम सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
संगीतकार गणेश कांडपाल और ढोलक वादक अंकित जोशी ने भजनों के माध्यम से वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में मुख्य यजमान किशन पंत सहित क्षेत्र के अनेक श्रद्धालु — रमेश, कैलाश, गिरीश, सुरेश, दीपक और अन्य ग्रामीण बड़ी श्रद्धा के साथ उपस्थित रहे।

