पिथौरागढ़ | सोर समाचार
आज पिथौरागढ़ में बहुमंजिला पार्किंग के समीप मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत मत्स्य विभाग पिथौरागढ़ द्वारा माँ इन्द्राक्षी स्वायत्त सहकारिता के माध्यम से संचालित “मत्स्य सहेली” आउटलेट का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री विनोद गोस्वामी, नगर आयुक्त एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, तथा नगर निगम महापौर श्रीमती कल्पना देवलाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर आउटलेट का उद्घाटन किया।
जनपद पिथौरागढ़ में यह आउटलेट मत्स्य उत्पादों से बने व्यंजनों को स्थानीय बाजार तक पहुँचाने का एक अभिनव प्रयास है। इस पहल के पीछे मत्स्य विभाग का मार्गदर्शन और मत्स्य पालकों की सक्रिय भागीदारी रही, जिन्होंने अच्छा उत्पादन कर इस अभियान को सफल बनाया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह आउटलेट न केवल स्थानीय मत्स्य उत्पादों को प्रोत्साहन देगा, बल्कि युवाओं, काश्तकारों और समूहों के लिए स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता का मार्ग भी प्रशस्त करेगा।
इस अवसर पर सहायक निदेशक मत्स्य विभाग रमेश चलाल, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश शर्मा, श्री राकेश देवलाल, आउटलेट संचालक श्रीमती रेखा जोशी, सहायक अभियंता उमेश अवस्थी, सहित पत्रकार बंधु एवं विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।

