सोर समाचार | पिथौरागढ़
मुनस्यारी (पिथौरागढ़) में समान नागरिक संहिता दिवस के अवसर पर जिला खेल कार्यालय, पिथौरागढ़ द्वारा क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता खेल निदेशालय उत्तराखण्ड, देहरादून के सौजन्य से एवं जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में 27 जनवरी 2026 को आयोजित हुई, जिसमें कुल 66 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में ओपन बालक वर्ग में हिमेश सिंह और ओपन बालिका वर्ग में मनीषा निर्खुपा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 वर्ग में बालक वर्ग से नीरज बर्निया और बालिका वर्ग से अंजली गोस्वामी विजेता रहीं। वहीं अंडर-14 वर्ग में बालक वर्ग से लवराज कुमार और बालिका वर्ग से ममता पंवार ने सबसे तेज दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जितेन्द्र जेष्ठा सभासद एवं विशिष्ट अतिथि विक्रम सिंह पांगती सभासद सहित अन्य अतिथियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। प्रतियोगिता के समापन पर सभी विजेता खिलाड़ियों को खेल विभाग की ओर से आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। आयोजन में स्थानीय खेल प्रेमियों की उपस्थिति ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

