विश्व ताइक्वांडो रैंकिंग में नितेश 22वें, भारत में प्रथम स्थान पर

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

न्यू बियरशिबा पब्लिक स्कूल के पूर्व छात्र व होनहार ताइक्वांडो खिलाड़ी नितेश ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नया कीर्तिमान गढ़ा है। ऑस्ट्रेलिया में स्वर्ण पदक जीतने के बाद नितेश ने वर्ल्ड ताइक्वांडो रैंकिंग (अंडर-63 किग्रा) में 22वाँ स्थान हासिल कर दिया है और अपने वेट वर्ग में भारत में पहला स्थान प्राप्त कर देश का मान बढ़ाया है।

दूरभाष पर प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस विभाग के एनआईएस ताइक्वांडो कोच श्री मनीष सनवाल ने विद्यालय परिवार को यह खुशी की खबर साझा की। नितेश वर्तमान में पीस ताइक्वांडो एकेडमी के कोच श्री आमिर के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं। कोचों व प्रशिक्षकों ने उनकी लगन, अनुशासन और कठिन परिश्रम की प्रशंसा की है।

इससे पहले राष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर उन्हें उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा ₹12 लाख का पुरस्कार दिया जा चुका है — अब वैश्विक रैंकिंग में यह नई उपलब्धि उसी निरंतर सफलता की पुष्टि है।

विद्यालय प्रबंधक श्री भुवन भाकुनी, प्रधानाचार्याएँ सुश्री ममता मेहता व श्रीमती मीनाक्षी बिष्ट सहित संपूर्ण विद्यालय परिवार ने नितेश को हार्दिक बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। पिथौरागढ़ का यह बेटा देश का नाम रोशन कर रहा है — पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *