पिथौरागढ़ | सोर समाचार
नगर क्षेत्र में संचालित एक आयुर्वेदिक पंचकर्म योग केंद्र पर बड़ी कार्रवाई हुई है। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी चंद्रकला भैसोड़ा की अगुवाई में पहुंची निरीक्षण समिति ने केंद्र में भारी अनियमितताएं पाए जाने के बाद इसे तत्काल बंद करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में पाया गया कि केंद्र के पास न तो क्लीनिकल स्थापना पंजीकरण था, न ही यहां कार्यरत पंचकर्म सहायक स्टाफ के पास वैध योग्यता प्रमाणपत्र मौजूद थे। इतना ही नहीं, केंद्र में पंचकर्म उपचार के लिए आवश्यक कमरे और सुविधाएं भी मानकों के अनुरूप नहीं मिलीं।
विभाग ने केंद्र द्वारा इंटरनेट मीडिया पर किए जा रहे प्रचार को भ्रामक बताते हुए संबंधित सामग्री को हटाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारी का कहना है कि इस प्रकार का संचालन ड्रग्स एंड मैजिक रेमेडीज एक्ट का उल्लंघन है और पंजीकरण के बाद ही इसकी अनुमति दी जा सकती है।
इस कार्रवाई पर आयुर्वेदिक प्रैक्टिशनर संगठनों ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि सोशल मीडिया पर इस प्रकार की गतिविधियों के चलते डिग्रीधारक आयुर्वेदिक व एलोपैथिक चिकित्सकों की योग्यता पर भी प्रश्नचिह्न लग रहा है, जो चिंताजनक है।

