पिथौरागढ़ | सोर समाचार
भारत रत्न पं. गोविन्द बल्लभ पन्त जी की 138वीं जयंती जनपद मुख्यालय स्थित घंटाकरण पन्त स्मारक में धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम में जिलाधिकारी विनोद गिरि गोस्वामी, उपजिलाधिकारी मनजीत सिंह, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष राजेन्द्र रावत, पन्त फाउंडेशन के संयोजक महेन्द्र सिंह लूंठी सहित जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि पण्डित जी ने शिक्षा व चिकित्सा क्षेत्र में जो कार्य किए, वह आज भी प्रेरणास्रोत हैं और हमें उनके सिद्धांतों को अपनाकर कार्य करना होगा। जिला पंचायत अध्यक्ष जितेन्द्र प्रसाद व मेयर कल्पना देवलाल ने भी पं. पन्त के योगदान पर प्रकाश डाला।
नगर निगम सभागार में स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों व विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालयों की प्रभात फेरी, निबंध व भाषण प्रतियोगिता के साथ-साथ खेल विभाग द्वारा आयोजित क्रॉस कंट्री दौड़ के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया।

