डोडा हादसे में शहीद जवानों को पूर्व सैनिक संगठन ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि !

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

जम्मू-कश्मीर के डोडा जनपद में सेना के वाहन की दुर्घटना में 10 वीर जवानों के शहीद होने और 11 जवानों के घायल होने की दुखद घटना पर पूर्व सैनिक संगठन, पिथौरागढ़ द्वारा श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे देश में शोक की लहर है।

श्रद्धांजलि सभा में बलिदानी जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई। साथ ही दुर्घटना में घायल जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने तथा शोक संतप्त परिवारों को यह असहनीय पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की गई।

पूर्व सैनिकों ने कहा कि देश के जवान 9000 फीट से अधिक ऊँचाई और अत्यंत दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों में भी निस्वार्थ भाव से राष्ट्र सेवा में जुटे रहते हैं। कठिन मौसम और जोखिमों के बावजूद मातृभूमि की रक्षा के लिए उनका समर्पण अद्वितीय और प्रेरणादायक है।

सभा में श्याम विश्वकर्मा, शेर सिंह, हयात सिंह, ओम प्रकाश, के.एन. भट्ट, राजेंद्र सिंह सहित अन्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। सभी ने शहीद जवानों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि राष्ट्र उनके त्याग को कभी नहीं भूलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *