पिथौरागढ़ | सोर समाचार
स्वच्छ भारत मिशन के तहत हुए स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 में पिथौरागढ़ नगर निगम ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर 177वीं रैंक हासिल की है। यह पिछले वर्ष की तुलना में बड़ी छलांग है, जब नगर निगम की रैंकिंग 2611वीं थी।
प्रदेश के 11 नगर निगमों में पिथौरागढ़ को दूसरा स्थान और सभी शहरों में 5वां स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि को लेकर महापौर कल्पना देवलाल और नगर आयुक्त दीपक सैनी ने टीम और नागरिकों को बधाई दी।
महापौर ने इसे केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि स्वच्छ और सुंदर पिथौरागढ़ की दिशा में मील का पत्थर बताया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इस मुहिम में भागीदार बनें और पिथौरागढ़ को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने में योगदान दें।

