राजी जनजाति पर “हमारी कहानी – हमारी जुबानी” सेमिनार आयोजित, जिलाधिकारी ने लिया समुदाय की समस्याओं का संज्ञान

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

नगर निगम सभागार, पिथौरागढ़ में आज “हमारी कहानी – हमारी जुबानी” विषय पर राजी जनजाति पर केंद्रित एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी रहे, जिन्होंने अर्पण संस्था की अध्यक्ष रेनू ठाकुर के साथ दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

सेमिनार के दौरान राजी जनजाति समुदाय के सदस्यों ने अपनी पारंपरिक जीवनशैली, कृषि पद्धतियाँ, आवासीय शैली और सामाजिक संरचना से जुड़ी जानकारियाँ साझा कीं। समुदाय के प्रतिभागियों ने स्थानीय भाषा में पारंपरिक लोकगीतों की प्रस्तुति देकर अपने जीवन संघर्षों और आशाओं को भावपूर्ण रूप से व्यक्त किया।

राजी समुदाय ने बताया कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत उन्हें आवास, रोजगार के उपकरण और अन्य सुविधाएँ प्राप्त हुई हैं। उन्होंने शासन और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने इस अवसर पर राजी समुदाय की मूलभूत आवश्यकताओं और समस्याओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजी जनजाति एक सम्मानित समुदाय है और इसके उत्थान के लिए राज्य एवं केंद्र सरकार दोनों स्तरों पर विशेष योजनाएँ संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत राजी जनजाति को देश की चुनिंदा जनजातियों में शामिल किया गया है, जिससे इनके सशक्तिकरण के लिए केंद्र सरकार का विशेष फोकस है।

जिलाधिकारी ने कहा कि यह सम्मेलन राजी समुदाय में बढ़े आत्मविश्वास और सकारात्मक परिवर्तन का प्रतीक है। जो समुदाय पहले सामाजिक आयोजनों से दूरी रखता था, वही अब जिला मुख्यालय में आकर अपने विचार रख रहा है और अधिकारियों से संवाद स्थापित कर रहा है।

उन्होंने समाज कल्याण विभाग को निर्देश दिए कि राजी जनजाति के आवासीय लाभार्थियों की कठिनाइयों का सर्वेक्षण कर अतिरिक्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए ताकि लाभार्थी समय पर अपने आवास पूर्ण कर सकें।

कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने अर्पण संस्था और विभागीय अधिकारियों को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास आशीष पुनेठा, मुख्य कृषि अधिकारी अमरेन्द्र चौधरी, तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *