पिथौरागढ़ | सोर समाचार
कारगिल युद्ध में द्रास सेक्टर पर वीरगति को प्राप्त हुए 9 पैरा एसएफ के शहीद हवलदार गिरीश सामंत की पुण्यतिथि पर आज देवलथल स्थित मेलापानी शहीद द्वार पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उनकी वीरांगना शांति सामंत द्वारा नवनिर्मित शहीद स्मृति पटल का उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत संगठन के धर्मगुरु नवीन गुरुरानी द्वारा पूजा-अर्चना से हुई। शहीद को समर्पित पौधारोपण भी किया गया। मुख्य अतिथि पर्यावरण बटालियन के कर्नल गौरव नेगी तथा सूबेदार मेजर कुलदीप सिंह रहे। वीरता पटल के निर्माण हेतु शांति सामंत को प्रशस्ति पत्र भेंट किया गया, जबकि विशेष सहयोग के लिए शंकर सिंह और किशन सिंह को सम्मानित किया गया।
पूर्व सैनिक संगठन द्वारा आयोजित इस भावनात्मक कार्यक्रम में “भारत माता की जय” और “शहीद गिरीश सामंत अमर रहें” के नारों से माहौल गुंजायमान हो उठा। हालांकि, जिला सैनिक कल्याण विभाग की अनुपस्थिति पर आक्रोश भी व्यक्त किया गया।
संचालन संगठन प्रवक्ता कैप्टन लक्ष्मण सिंह दयोपा ने किया। कार्यक्रम में शहीद के परिजनों सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और नागरिक मौजूद रहे।

