सोर समाचार , पिथौरागढ़ :- नगर के आध्यात्मिक विश्वविद्यालय शिवाश्रम बिण में आज से जागृति राष्ट्रीय सम्मेलन का आरंभ हो गया है। दीप प्रज्वलन के साथ शुरुआत हुई, जहाँ विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से समां बाँध दिया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को जीवंत कर दिया। इस अवसर पर कुलाधिपति डॉ. स्वामी गुरुकुलानंद कच्चाहारी ने प्रोफेसर एम के वाजपेयी को कुलपति और पुरातत्वविद धीरेन्द्र कुमार शर्मा को कुलसचिव पद की शपथ दिलाई।

मुख्य अतिथि दीपक पोखरिया और विशिष्ट अतिथि अर्जुन कन्याल की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। शोधार्थियों ने विभिन्न विषयों पर शोधपत्र प्रस्तुत किए, जबकि छात्राओं ने योग नृत्य और योगासनों का सुंदर प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
कुलपति प्रोफेसर एम के वाजपेयी ने कहा कि पिथौरागढ़ का यह विश्वविद्यालय भारत का प्रथम आध्यात्मिक विश्वविद्यालय है, और यह योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा, पर्यावरण और सनातन संस्कृति में शोध के नए आयाम स्थापित करेगा। वहीं, कुलसचिव धीरेन्द्र कुमार शर्मा ने कहा कि यह जिम्मेदारी उन्हें दैव योग से मिली और जटेश्वर महादेव की भूमि में आकर वे स्वयं को धन्य मानते हैं।
अध्यक्ष चन्द्रशेखर नगरकोटी ने आभार जताया, जबकि निदेशक आचार्य विजय प्रकाश जोशी ने आमजन से विश्वविद्यालय के सेवा प्रकल्पों का लाभ उठाने का आह्वान किया। जनसंपर्क अधिकारी डॉ. नीरज चंद्र जोशी ने जानकारी दी कि सम्मेलन कल भी जारी रहेगा और अधिकाधिक लोगों से इसमें भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम में लोकगायक नारायण सोराड़ी, डॉ. मोनिका बिष्ट, प्रकाश जोशी, रेखा जोशी, देवकीनंदन जोशी और रोशनी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

