पिथौरागढ़, 26 मई 2025 — जिले में अब किसी भी छात्र या छात्रा को राजनीतिक दलों की रैली में बिना पूर्व अनुमति के शामिल नहीं किया जा सकेगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कुछ विद्यालयों द्वारा छात्रों को राजनीतिक गतिविधियों में जबरन भेजा जा रहा था, जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।

इस संदर्भ में सभी शासकीय, अशासकीय, वित्तविहीन और निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि बिना प्रशासनिक अथवा विभागीय स्वीकृति के किसी भी छात्र को रैली या राजनीतिक आयोजन में भाग न लेने दिया जाए।
यह आदेश जिलाधिकारी, उप शिक्षा अधिकारी, एवं प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन को भी सूचनार्थ और अनुपालन हेतु भेजा गया है। शिक्षा विभाग का यह कदम छात्रों को अनावश्यक दबाव से बचाने और पढ़ाई के अनुकूल वातावरण बनाए रखने की दिशा में एक अहम प्रयास माना जा रहा है।

