बड़ा दर्दनाक हादसा , 02 की मौत 16 घायल !

सोर समाचार | उत्तराखंड

उत्तराखंड के नैनीताल जिले में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां नैनीताल-हल्द्वानी रोड पर दोगांव के पास एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर लगभग 12 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि हरियाणा के रोहतक निवासी चालक सोनू कुमार (32) की गर्दन धड़ से अलग हो गई और दिल्ली के बदरपुर निवासी पर्यटक गौरव बंसल की भी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के बदरपुर बॉर्डर निवासी पर्यटकों का यह दल बाबा नींब करौली के कैंची धाम से दर्शन कर लौट रहा था। रात करीब 10 बजे मटियाली बैंड के पास वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। वाहन गिरने की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घटना की जानकारी मिलते ही ज्योलीकोट चौकी और आसपास के थानों से पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

हादसे में घायल 16 यात्रियों में चार बच्चे और एक साल का मासूम भी शामिल है। सभी घायलों को पुलिस और राहत दलों की मदद से सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा गया है।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी भी देर रात घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि वाहन लगभग 12 मीटर नीचे गिरा था, लेकिन एक पेड़ के बीच में फंस जाने से ट्रैवलर पूरी तरह नीचे नहीं जा सका — वरना यह हादसा और भी भयावह रूप ले सकता था।

हादसे में घायल यात्रियों में विजय अग्रवाल, अजय अग्रवाल, वंश अग्रवाल, अन्नू अग्रवाल, शिल्पी, हेमंत, श्रुति, अंशिका, सोनिया, निकिता समेत अन्य शामिल हैं। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *