UKSSSC पेपर लीक पर रिपोर्ट सौंपी, धामी बोले- होगी निष्पक्ष जांच !

उत्तराखण्ड | सोर समाचार

उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 21 सितंबर 2025 को आयोजित प्रतियोगी परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए राज्य सरकार ने एकल सदस्यीय जांच आयोग गठित किया था। इस आयोग की अध्यक्षता मा० न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) यू.सी. ध्यानी कर रहे हैं।

शनिवार को आयोग ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर जांच से जुड़ी अंतरिम रिपोर्ट प्रस्तुत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि आयोग ने कम समय में व्यापक जनसुनवाई कर अभ्यर्थियों और संबंधित पक्षों से सुझाव लेकर रिपोर्ट तैयार की है, जो सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रिपोर्ट का परीक्षण कर अभ्यर्थियों के हित में निर्णय लेगी। साथ ही, प्रकरण की सीबीआई जांच की संस्तुति पहले ही की जा चुकी है, ताकि मामले की पूर्ण निष्पक्षता सुनिश्चित हो सके।

मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया कि सरकार भर्ती परीक्षाओं की शुचिता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भविष्य में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी परीक्षा में अनियमितता की संभावना न रहे और अभ्यर्थियों का विश्वास राज्य की परीक्षा प्रणाली पर बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *