वीरों को समर्पित सम्मान स्थल का हुआ उद्घाटन

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

पूर्व सैनिक संगठन के ऑपरेशन सम्मान के तहत जनपद पिथौरागढ़ में नवनिर्मित सम्मान स्थल का उद्घाटन एक गरिमामय कार्यक्रम में किया गया। वीर नारियों ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर उद्घाटन किया, जिसके बाद पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ मुख्य समारोह की शुरुआत जिलाधिकारी द्वारा की गई।

इस अवसर पर संगठन की कार्य योजना की प्रस्तुति दी गई तथा शौर्य सम्मान स्मारिका का भी अनावरण हुआ, जिसमें शहीदों, वीरता पुरस्कार विजेताओं और बलिदानी सैनिकों की फोटो गैलरी प्रदर्शित की गई है।

जिलाधिकारी ने इसे जनपद का गौरव बताते हुए कहा कि यह स्थल समाज और युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगा। लंबे समय से लंबित इस मांग को पूर्व सैनिकों ने स्वयं पूरा कर उदाहरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में वीरांगनाओं, बलिदानी परिवारों, वीर सैनिकों सहित जिला सूचना अधिकारी एवं सैनिक कल्याण बोर्ड से अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *