पिथौरागढ़ | सोर समाचार
शिव शक्ति सदन स्थित संघ कार्यालय में आज विजयादशमी उत्सव और संघ स्थापना शताब्दी के पावन अवसर पर विधिवत हवन और पारंपरिक शस्त्र पूजन का आयोजन हुआ। प्रातःकाल से स्वयंसेवकों का जमावड़ा रहा और अनेक स्वयंसेवक अपने परिवारजनों के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में ‘राष्ट्राय स्वाहा, इदं राष्ट्राय, इदं न मम’ के मन्त्र के साथ भाव विभोर चेहरे दिखाई दिए और शून्य से शताब्दी तक के सफर का गौरव प्रत्येक उपस्थित व्यक्ति पर स्पष्ट था।
समारोह की शुरुआत देवपूजन एवं हवन से हुई, उसके पश्चात शस्त्रों का पारंपरिक पूजन संपन्न कराया गया। आयोजन में पिथोरागढ़ विभाग के मा. संघ चालक पूरन जोशी, वरिष्ठ स्वयंसेवक धरम सिंह रावत, विभाग प्रचारक वतन, जिला प्रचारक रिषभ, सह जिला कार्यवाह कमल, नगर कार्यवाह जगदीश, नगर प्रचार प्रमुख विजय शर्मा, प्रदेश महामंत्री भाजपा राकेश देवलाल, निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्षा दीपिका बोहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी तथा किशन भंडारी सहित जिले के कई गणमान्य उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता रिषभ जी ने उपस्थित जनों को शताब्दी और विजयादशमी की बधाई देते हुए कहा कि विजयादशमी केवल एक पर्व नहीं बल्कि शक्ति पूजन की दीर्घ परम्परा है — महिषासुर वध, श्रीराम का रावण वध और दैवीय शक्ति के विभिन्न रूपों का अभिनिवेश। उन्होंने सम्पूर्ण हिन्दू समाज से आह्वान किया कि समाज की सुप्त शक्ति को जागृत कर विभाजनकारी प्रवृत्तियों का सामना मिलकर किया जाए और वंचित, गिरवासी व वनवासी समाज के साथ मिलकर राष्ट्र को उन्नति के शिखर पर ले जाया जाए।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक अनुशासन और एकात्मता का भाव व्याप्त रहा तथा उपस्थित जनों ने संगठन के सौ वर्ष पूरे होने की अनुभूति को गर्व के साथ साझा किया। अंत में आयोजकों ने कार्यक्रम की सफल व्यवस्था के लिये सभी स्वयंसेवकों और अतिथियों का धन्यवाद किया।

