पिथौरागढ़। 1962, 1965 और 1971 के तीन अहम युद्धों में भाग लेकर देश की सेवा करने वाले वयोवृद्ध पूर्व सैनिक सूबेदार मेजर प्रेम सिंह दिगारी (86) का बरेली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की सूचना से पूरे जनपद के पूर्व सैनिकों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।
दिगारी जी का पार्थिव शरीर देर रात उनके निवास तिलढुकरी पहुंचा, जहां पूर्व सैनिक संगठन के सदस्यों ने उन्हें तिरंगा ओढ़ाकर अंतिम सलामी दी। इस मौके पर सु. मेजर विक्रम पोखरिया ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और “भारत माता की जय”, “दिवंगत सैनिक अमर रहें” जैसे नारों के साथ अंतिम यात्रा निकाली गई।
28 वर्षों की सेवा के दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर, असम और राजस्थान जैसे अहम मोर्चों पर तैनाती पाई और 1989 में सेवानिवृत्त हुए थे। आज रामेश्वर घाट पर उनके पुत्र पूर्व सैनिक देवेंद्र सिंह दिगारी ने उन्हें मुखाग्नि दी।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित रहे: सु. मेजर रमेश सिंह, लक्ष्मण सिंह, दयाल सिंह, दिवाकर बोहरा, श्याम विश्वकर्मा, भूपाल सिंह, गिरधर सिंह, प्रहलाद सिंह, राजेंद्र कार्की, सुरेंद्र बोहरा, गोपाल सिंह सहित अन्य पूर्व सैनिक और स्थानीय लोग।

