जिले के युवा तबला वादक अभिषेक जोशी ने अंतर्राष्ट्रीय मंच पर बटोरी प्रशंसा

पिथौरागढ़ | सोर समाचार


पिथौरागढ़ जनपद के प्रतिभाशाली युवा तबला वादक अभिषेक जोशी ने अपने उत्कृष्ट तबला वादन से एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। कोलकाता स्थित स्वामी विवेकानंद फाउंडेशन ऑफ आर्ट एंड कल्चर (SVFAC) तथा भारत सरकार के MSME मंत्रालय द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय तबला वादन प्रतियोगिता में अभिषेक ने 5वीं रैंक हासिल की।

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत सहित यूएसए, यूएई, सिंगापुर समेत कई देशों के 650 से अधिक तबला वादकों ने भाग लिया, जिनमें से केवल 10 कलाकारों को ही रैंक प्रदान की गई। उनमें अभिषेक का स्थान पांचवें पायदान पर रहा, जो पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है।

अभिषेक ने तबला वादन की शिक्षा अपने गुरु श्री संदीप पांडे जी से आरंभ की और वर्तमान में अजराड़ा घराने के प्रसिद्ध तबला वादक उस्ताद परवेज़ हुसैन जी से प्रशिक्षण ले रहे हैं। वे वर्तमान में दिल्ली विश्वविद्यालय से तबला विषय में स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं।

राष्ट्रीय स्तर पर कई मंचों पर अपनी प्रतिभा दिखा चुके अभिषेक ने अपनी सफलता का श्रेय गुरुजनों और परिवार को देते हुए कहा कि उनका लक्ष्य भविष्य में उत्तराखंड को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊँचाइयों तक पहुँचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *