डीएम आशीष भटगांई ने किया जिला अस्पतालों का औचक निरीक्षण, सफाई और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था के दिए निर्देश

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष कुमार भटगांई ने आज जिला चिकित्सालय और महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और आयुष्मान कार्ड व्यवस्था की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पतालों में साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था, चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति, और मरीजों की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने परिसर में पड़े कूड़े, कबाड़ और खराब उपकरणों के शीघ्र निस्तारण पर भी जोर दिया।

उन्होंने शिकायत पेटिका की जांच की, जिसमें कोई शिकायत नहीं मिली, और अस्पताल में हेल्पलाइन प्रणाली स्थापित करने के निर्देश दिए ताकि मरीजों को त्वरित सहायता मिल सके।

डीएम ने आपातकालीन कक्ष, वार्ड, आईसीयू और ओटी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। ओपीडी निरीक्षण के दौरान उन्होंने पर्ची वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित करने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण में एडीएम योगेन्द्र सिंह, डॉ. प्रशांत कौशिक, तहसीलदार विजय गोस्वामी, डॉ. महेश चन्द रजवार, डॉ. लाल सिंह बोरा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *