पिथौरागढ़ | सोर समाचार
मल्लिकार्जुन स्कूल ऐचोली की 2015 बैच की प्रतिभाशाली पूर्व छात्रा आकांक्षा भट्ट ने प्रतिष्ठित UPSC परीक्षा में सफलता प्राप्त कर विद्यालय, जनपद और प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के बाद विद्यालय परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल बना हुआ है।
आकांक्षा के सम्मान में विद्यालय में एक विशेष समारोह आयोजित किया गया, जहां विद्यालय प्रबंधन व शिक्षकों ने उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान आकांक्षा ने अपनी सफलता का श्रेय मल्लिकार्जुन विद्यालय, अपने माता-पिता, और शिक्षकों को देते हुए विद्यालय से जुड़ी अपनी यादों को सभी के साथ साझा किया।
विद्यालय के निदेशक रुद्राक्ष जोशी ने आकांक्षा को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों को ऐसा वातावरण प्रदान करने का प्रयास करता है, जहाँ वे बड़े लक्ष्य तय कर उन्हें हासिल कर सकें। उन्होंने कहा कि आकांक्षा की उपलब्धि विद्यालय के “व्यम् राष्ट्रे जाग्रायाम” संकल्प को और मजबूत करती है।
प्रधानाचार्या दीप्ति भट्ट ने आकांक्षा को बधाई देते हुए विद्यार्थियों से उनसे प्रेरणा लेने की अपील की। वहीं, विद्यालय की अध्यक्षा रचना जोशी और अनीता कुंवर ने भी आकांक्षा को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

