पिथौरागढ़ | सोर समाचार
संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि पर आज जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पन्त ने की। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब ने गरीब, वंचित और शोषित तबके को संविधान के दायरे में लाकर समान अधिकार और आगे बढ़ने का मार्ग दिखाया।
वक्ताओं ने कहा कि आज देश का लोकतांत्रिक ढांचा संविधान की बदौलत मजबूती से खड़ा है और समाज के कमजोर वर्ग आरक्षण जैसी संवैधानिक सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान से खिलवाड़ कर रही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम में कांग्रेस जनों ने संविधान व बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलते हुए लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में पूर्व दर्जा राज्य मंत्री महेंद्र लुंठी, पार्षद राहुल लुंठी, दीपक लुंठी सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

