पिथौरागढ़ | सोर समाचार
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पिथौरागढ़ इकाई ने छात्र नेता इंदर सिंह बथ्याल और तिलक राज पाठक के नेतृत्व में परिसर निदेशक हेम चंद्र पाण्डेय के कार्यालय का घेराव कर धरना शुरू किया। परिषद ने स्पष्ट कहा कि जब तक कुलपति से सीधी वार्ता और समस्याओं के समाधान का आश्वासन नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा।
धरने के दौरान रजिस्ट्रार देवेंद्र सिंह बिष्ट से हुई बातचीत में छात्र नेताओं ने कहा कि पिथौरागढ़ परिसर में सबसे अधिक छात्र संख्या होने के बावजूद न तो पर्याप्त शिक्षक हैं और न ही कर्मचारियों की नियुक्ति। लगातार फीस वृद्धि से विद्यार्थियों पर बोझ बढ़ रहा है। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि एक महीने में संपूर्ण स्टाफ की नियुक्ति व परीक्षा सुधार कर्मचारी की तैनाती नहीं हुई, तो आंदोलन तेज होगा और अंतिम स्थिति में अनशन तक किया जाएगा।
प्रमुख माँगों में शिक्षकों व कर्मचारियों की स्थायी नियुक्ति, पुस्तक वेंडर की व्यवस्था, सब-रजिस्ट्रार की नियुक्ति, सुधार पोर्टल का एक्सेस, नए कोर्स की शुरुआत, मुख्य हॉल व भवन का नवीनीकरण, सुरक्षा सुधार व फीस वृद्धि पर रोक शामिल हैं।
धरने में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ शामिल हुए और खबर लिखे जाने तक एबीवीपी कार्यकर्ता परिसर में धरने पर बैठे रहे।

