आशीष भटगांई बने पिथौरागढ़ के 49वें जिलाधिकारी, पारदर्शी व जवाबदेह प्रशासन का दिया संदेश

पिथौरागढ़ | सोर समाचार

भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी आशीष भटगांई ने आज अपराह्न में पिथौरागढ़ जनपद के 49वें जिलाधिकारी के रूप में औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण किया। जिला कार्यालय पहुंचने पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी और अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया, जिसके पश्चात उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। पदभार ग्रहण के तुरंत बाद उन्होंने जिला कोषागार का निरीक्षण कर अभिलेखों का अवलोकन किया और वित्तीय अनुशासन पर जोर दिया। तत्पश्चात आयोजित परिचय बैठक में जिलाधिकारी ने समस्त विभागीय अधिकारियों से परिचय किया और जनपद की प्रशासनिक कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि प्रशासन में ‘टीम एफर्ट’ और ‘ट्रांसपेरेंसी’ को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा ‘ज़ीरो पेंडेंसी’ को सुनिश्चित किया जाए। डीएम भटगांई ने स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और कौशल विकास को जनपद की विकास प्राथमिकताओं में रखा, साथ ही मुख्यमंत्री घोषणाओं एवं यूनिफॉर्म सिविल कोड रजिस्ट्रेशन के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया। उन्होंने निर्माण कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्तापूर्ण कार्य करने की हिदायत दी और सीएम हेल्पलाइन 1905 पर प्राप्त जन शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को लंबित रखना अस्वीकार्य होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *