नगर निगम पिथौरागढ़ की महापौर कल्पना देवलाल ने घाट पेयजल पंपिंग योजना के पुनर्गठन हेतु ₹14.00 करोड़ की स्वीकृति प्रदान करने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया है।
महापौर ने जानकारी दी कि इस योजना को लेकर नगर क्षेत्र में पिछले 40 वर्षों से मांग उठ रही थी। फरवरी माह में मुख्यमंत्री से भेंट कर उन्होंने पिथौरागढ़ नगर की पेयजल व्यवस्था की जर्जर स्थिति से अवगत कराया था।
मुख्यमंत्री ने जनहित को प्राथमिकता देते हुए आज इस लंबे समय से लंबित योजना को 14 करोड़ की स्वीकृति देकर नगरवासियों को बड़ी सौगात दी है।
फिलहाल इस योजना के तहत नगर को 1.5 एमएलडी (MLD) पानी की आपूर्ति होती थी, लेकिन पुनर्गठन के उपरांत इसकी क्षमता बढ़कर 3 एमएलडी हो जाएगी। इससे शहरवासियों को अधिक और नियमित पेयजल आपूर्ति मिल सकेगी।
महापौर ने समस्त नगर वासियों की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इसे “पिथौरागढ़ के विकास के लिए मील का पत्थर” बताया।

