सोर समाचार | पिथौरागढ़
जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में जिला योजना, राज्य योजना, केंद्र सरकार पोषित योजनाओं एवं प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025–26 के मध्य चरण तक योजनाओं की प्रगति और व्यय की स्थिति की गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा में सामने आया कि जिला योजना के तहत अब तक लगभग 79 प्रतिशत बजट व्यय किया गया है। 80 प्रतिशत से कम व्यय करने वाले विभागों पर जिलाधिकारी ने कड़ा असंतोष जताया और फरवरी अंत तक न्यूनतम 90 प्रतिशत व्यय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बैठक में अनुपस्थित अधिकारी का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब किया। साथ ही अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी को निर्देश दिए कि कम व्यय वाले विभागों से जवाब लिया जाए और संतोषजनक उत्तर न मिलने पर प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्रवाई की जाए।
लोक निर्माण विभाग, लघु डाल, पशुपालन, कृषि, जल निगम, वन, पर्यटन, जल संस्थान बेरीनाग एवं सिंचाई खंड धारचूला की धीमी प्रगति पर डीएम ने अंतिम चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो संबंधित विभागों का बजट वापस लिया जाएगा।
बैठक में पच्चीस सूत्रीय कार्यक्रमों और प्रधानमंत्री गतिशक्ति पोर्टल की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि योजनाओं की अद्यतन प्रगति पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड की जाए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

