सोर समाचार | पिथौरागढ़
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ऋषेन्द्र महर ने जीवी गांव पहुंचकर 20 जनवरी को गुलदार के हमले में घायल हुए 9 वर्षीय बालक प्रकाश बिष्ट और उसके परिवार से मुलाकात की। उन्होंने ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं ग्रामीणों के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार को अपनी ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की।
परिजनों ने बताया कि 20 जनवरी की शाम गुलदार ने अचानक बच्चे पर हमला कर दिया था, जिससे उसके चेहरे और सिर पर पंजों से गहरे घाव बन गए। बच्चे की चीख सुनकर पिता ने शोर मचाया और लाठी से गुलदार को भगाया, जिसके बाद गुलदार बच्चे को छोड़कर भाग गया। घायल बालक का जिला चिकित्सालय में एक सप्ताह से अधिक समय तक उपचार चला।
ग्रामीणों ने बताया कि गुलदार अब भी क्षेत्र में सक्रिय है, जिससे पूरे गांव में भय का माहौल बना हुआ है। वन विभाग द्वारा पिंजरे लगाए गए हैं, लेकिन अभी तक गुलदार पकड़ में नहीं आ सका है।
ऋषेन्द्र महर ने कहा कि पिथौरागढ़ सहित पूरे प्रदेश में जंगली जानवरों के हमले लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने सरकार से आर्थिक रूप से कमजोर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और क्षेत्रवासियों को गुलदार से निजात दिलाने की मांग की।
उन्होंने यह भी कहा कि वन विभाग आज भी पुराने हथियारों और सीमित संसाधनों के सहारे काम कर रहा है, जिससे कर्मचारियों की जान भी खतरे में रहती है। सरकार को चाहिए कि वन विभाग को आधुनिक तकनीक, उन्नत उपकरण और प्रशिक्षण उपलब्ध कराए, ताकि मानव और वन्यजीव संघर्ष को रोका जा सके।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान जीवी सूरज कुमार, ग्राम प्रधान उर्ग धर्मेंद्र कुमार, ग्राम प्रधान घुनशेरा कमल भट्ट, पूर्व प्रधान चितरंजन चंद, शंकर खड़ायत, दीपक चंद देवा, आनंद धामी, जतिन बल्दिया, रवि कन्याल सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

