पिथौरागढ़ | सोर समाचार
जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी की अध्यक्षता में हरेला पर्व और नदी महोत्सव को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि इस बार हरेला पर्व को जन-अभियान के रूप में बड़े स्तर पर मनाया जाएगा और इसमें जनसहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में तय किया गया कि इस वर्ष हरेला पर्व पर “एक पौधा अपनी मां के नाम” थीम के तहत 2 लाख 6 हजार पौधे लगाए जाएंगे। जनपद के सभी विभागों, विद्यालयों, स्वयंसेवी संस्थाओं, महिला समूहों और जनप्रतिनिधियों को इस अभियान में शामिल किया जाएगा।
साथ ही नदी महोत्सव के अंतर्गत यक्षवती, घटीगाड़ और क्वीनगाड़ नदियों को चुना गया है। यक्षवती नदी के उद्गम स्थल से पदयात्रा कर सर्वेक्षण करने और नदी के संरक्षण को लेकर जनजागरूकता फैलाने की योजना तैयार की गई है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नदियों के किनारे और जल संरक्षण स्थलों पर वृक्षारोपण किया जाए। प्रत्येक विकासखंड में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा जो पौधों की देखरेख और प्रगति की रिपोर्ट देगा।
बैठक में डीएफओ आशुतोष सिंह, परियोजना निदेशक आशीष पुनेठा, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

