पिथौरागढ़ जनपद की न्याय पंचायत बड़ाबे में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत एक बड़ा शिविर आयोजित किया गया। राजकीय इंटर कॉलेज बड़ाबे में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने की।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की 64 न्याय पंचायतों में यह 34वां शिविर है, जिसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाना है। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां पेंशन, परिवार रजिस्टर, जॉब कार्ड, स्वास्थ्य सेवाएं, आधार, सहकारिता और कृषि योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं दी गईं।
शिविर में लगभग 470 लोगों ने भाग लिया और 599 लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया। जन संवाद के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, स्मार्ट मीटर, बिजली लाइन और आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़ी समस्याएं रखीं, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का फॉलो-अप कंट्रोल रूम के माध्यम से सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण हो सके।

