सोर समाचार | पिथौरागढ़
जिलाधिकारी पिथौरागढ़ की अभिनव पहल के तहत जनपद में बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत एक नया जन-जागरूकता अभियान “मेरी चेली म्यार घरै पछयांण” शुरू किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का शुभारंभ कनालीछीना विकासखंड से किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत बालिका जन्म होने पर संबंधित परिवार के घर की पहचान उस बेटी के नाम से की जाएगी। महिला एवं बाल विकास विभाग, पिथौरागढ़ द्वारा बालिका के नाम की विशेष पट्टिका उपलब्ध कराई जाएगी, जिसे परिवार के घर के बाहर लगाया जाएगा। इसका उद्देश्य बेटियों के प्रति सम्मान, गर्व और सामाजिक स्वीकार्यता को बढ़ावा देना है।
जनपद में बालिकाओं का लिंगानुपात अपेक्षाकृत कम होने के चलते यह पहल विशेष महत्व रखती है। यह कार्यक्रम बालिका जन्म को प्रोत्साहित करने, कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाने तथा लैंगिक समानता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक ठोस प्रयास माना जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस पहल के माध्यम से समाज में यह स्पष्ट संदेश दिया जाएगा कि बेटियां परिवार की पहचान और समाज की ताकत हैं। जिला प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की है, ताकि पिथौरागढ़ को बालिका संरक्षण और सशक्तिकरण की दिशा में एक नई पहचान मिल सके।

