सोर समाचार | पिथौरागढ़
समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के लागू होने की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर 27 जनवरी 2026 को पिथौरागढ़ के रामलीला मैदान (नगर निगम के निकट) में भव्य जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी आशीष भटगांई द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि यूसीसी समाज में लैंगिक समानता, न्याय और संवैधानिक मूल्यों को सशक्त करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि इसके सफल क्रियान्वयन में जनसहभागिता की अहम भूमिका रही है।
कार्यक्रम के दौरान एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लाइव संबोधन का प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री ने यूसीसी को प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग के लिए जनता का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। साथ ही सूचना एवं लोक संपर्क विभाग से पंजीकृत सांस्कृतिक दलों ने यूसीसी विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर आमजन को जागरूक किया। यूसीसी पर आधारित डॉक्यूमेंट्री एवं शॉर्ट फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम में यूसीसी के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनप्रतिनिधियों, तहसीलों, विकासखंडों एवं नगर निकायों के कार्मिकों को जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा यूसीसी प्रचार वाहन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री गणेश भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेन्द्र प्रसाद, नगर निगम महापौर कल्पना देवलाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

