पिथौरागढ़ | सोर समाचार
सीमांत मुनस्यारी के बॉक्सर एक बार फिर अपने हुनर से चमक उठे हैं। 08 से 10 सितम्बर 2025 तक वृंदावन में आयोजित क्षेत्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में जोहार खेल मैदान, मुनस्यारी में प्रशिक्षणरत खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक झटके।
अंडर-14 वर्ग में तरुण बोरा और सागर सिंह ने गोल्ड, जबकि विकास जेष्ठा ने रजत पदक जीता। अंडर-17 में कृष्णा राणा और सागर कोहली ने रजत पदक अपने नाम किया। वहीं अंडर-19 वर्ग में अजय वर्मा ने गोल्ड मेडल हासिल कर सबका मन गर्व से भर दिया।
जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने बताया कि तरुण बोरा, सागर सिंह और अजय वर्मा का चयन आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता (06 से 08 अक्टूबर, चंडीगढ़) के लिए हुआ है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला बॉक्सिंग संघ और खेल प्रेमियों ने हर्ष जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

